देहरादून: पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह आज गुरुवार को देहरादून पहुंचे. टर्बनेटर के नाम से प्रसिद्ध क्रिकेटर ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की. ये शिष्टाचार भेंट देहरादून में मुख्यमंत्री आवास पर हुई. हरभजन सिंह अभी राज्यसभा सांसद हैं.
क्रिकेट हरभजन ने सीएम धामी से की मुलाकात: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरभजन सिंह का स्वागत करते हुए भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान, खेल के प्रति समर्पण और शानदार उपलब्धियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी से विश्व क्रिकेट में विशिष्ट पहचान बनाने वाले हरभजन सिंह का खेल जीवन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री और हरभजन सिंह के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई.
हरभजन सिंह ने भी सीएम धामी के साथ हुई मुलाकात पर कहा कि- आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मुलाकात करने का अवसर मिला. इस दौरान उत्तराखंड में खेलों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने, प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने और राज्य में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर सार्थक चर्चा हुई. मुख्यमंत्री से मिलकर और खेलों के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा करके बेहद अच्छा लगा.
हरभजन अभी राज्यसभा सांसद हैं: पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में हैं. उन्होंने मार्च 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर पंजाब से राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण की थी. 24 अप्रैल 2026 को उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ले ली थी. उन्होंने आप छोड़ने का कारण पंजाब में खेल को बढ़ावा देने और नशे की समस्या पर अपनी बात अनसुनी किए जाने को बताया था.
हरभजन सिंह का जन्म जालंधर में हुआ: हरभजन सिंह का जन्म 3 जुलाई 1980 को पंजाब के जालंधर में हुआ था. उन्होंने 1995-96 में पंजाब की अंडर-16 क्रिकेट टीम से अपने नेशनल करियर की शुरुआत की थी. 1997-98 सीजन में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया था.
हरभजन के नाम 417 टेस्ट विकेट हैं: हरभजन सिंह का टेस्ट डेब्यू 25 मार्च 1998 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुआ था. उन्होंने वनडे डेब्यू 17 अप्रैल 1998 को न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था. टी20 में हरभजन ने 1 दिसंबर 2006 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू किया था. हरभजन सिंह ने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेले थे. इनमें उन्होंने कुल 417 विकेट लिए. 236 एकदिवसीय मैचों में उनके नाम 269 इंटरनेशनल विकेट हैं. 28 टी20 इंटरनेशनल मैचों में हरभजन सिंह ने 25 विकेट लिए.
हरभजन सिंह टर्बनेटर के नाम से फेमस हैं: हरभजन सिंह भारत के महानतम ऑफ स्पिन गेंदबाजों में से एक रहे हैं. उन्हें प्यार से ‘भज्जी’ और पगड़ी पहनने के कारण ‘टर्बनेटर’ के नाम से भी जाना जाता है.
