राहुल कुमार प्रियदर्शी मधुबनी(बिहार)
इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में छात्रों का शानदार प्रदर्शन, तीनों संकाय में टॉपर्स ने किया नाम रोशन
पटना: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित होते ही राज्यभर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों संकायों में टॉपर्स ने उच्च अंक प्राप्त कर अपने जिले और परिवार का नाम रोशन किया है। साइंस संकाय: समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने मारी बाजी साइंस संकाय में समस्तीपुर जिले के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सीतामढ़ी की साक्षी कुमारी और नवादा की सपना कुमारी ने 479-479 अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। बेगूसराय की अनामिका कुमारी 478 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि दरभंगा के सत्यम कुमार ने 476 अंक लाकर पांचवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा मुजफ्फरपुर की पलक कुमारी ने 475 अंक प्राप्त कर टॉप-5 सूची में जगह बनाई। साइंस संकाय के परिणामों से यह स्पष्ट है कि इस बार छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही और सभी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।वहीं कॉमर्स संकाय में राजधानी पटना के छात्रों का वर्चस्व देखने को मिला। पटना की अदिति कुमारी ने 480 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं माही कुमारी 476 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। निशिका श्री ने 475 अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। वैशाली की मानवी कुमारी और नवादा की श्रेया कुमारी ने 474-474 अंक के साथ संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया। पटना की वारिसा नौशाद और हर्षिका ने 472 अंक प्राप्त कर टॉप-5 में जगह बनाई। इस संकाय में पटना के छात्रों की मजबूत उपस्थिति ने शिक्षा के क्षेत्र में राजधानी की स्थिति को और मजबूत किया है। आर्ट्स संकाय में गया की निशु कुमारी ने 479 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इस संकाय में टॉप-5 सूची में कुल 13 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है, जो प्रतिस्पर्धा के उच्च स्तर को दर्शाता है। सीतामढ़ी की सिद्धी सिखा, लखीसराय के चंद्रदीप कुमार और पूर्णिया के मो. लकी अंसारी ने 478-478 अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। पश्चिम चंपारण की नसरीन परवीण, नालंदा की साजिया अंसारी, दरभंगा की निसु कुमारी और सहरसा के आदर्श ने 477 अंक के साथ टॉप सूची में स्थान बनाया। इसके अलावा सीवान की अमृता कुमारी और दरभंगा की स्वीटी कुमारी ने 476 अंक प्राप्त किए, जबकि अररिया की बीबी आसराना और सारण की राजसहनी कुमारी ने 475 अंक हासिल कर टॉप-5 में जगह बनाई।
