राहुल कुमार प्रियदर्शी मधुबनी-(बिहार)
लौकही! बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा परिणाम में खुटौना प्रखंड के लौकहा की मेधावी छात्रा आंचल सिन्हा ने विज्ञान संकाय में 87 प्रतिशत (435 अंक) प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। आंचल सिन्हा, लौकहा निवासी तरूण सिन्हा की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई स्थानीय लक्ष्मी नारायण जनता प्लस टू उच्च विद्यालय, लौकहा से ही पूरी की। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद आंचल ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल कर यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। परिणाम घोषित होते ही आंचल के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। रिश्तेदारों, पड़ोसियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने भी आंचल की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वह शुरू से ही मेहनती, अनुशासित एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रही हैं। शिक्षकों ने इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया। आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने बताया कि वे आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर चिकित्सा क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं और डॉक्टर बनकर समाज एवं देश की सेवा करना उनका सपना है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भी आंचल की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं ही समाज और देश का भविष्य संवारते हैं। आंचल की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
