अब रेहड़ी पटरी वालों को पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड, PM मोदी बोले- जिनके पास कोई गारंटी नहीं है, सरकार खुद उनकी गारंटर बन रही

Saiadmin

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल से PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड की शुरुआत कर देश में वित्तीय समावेशन को नई दिशा दी. यह योजना खासतौर पर रेहड़ी-पटरी लगाने वाले और छोटे कारोबारियों के लिए लाई गई है, जिन्हें पहले छोटे लोन के लिए भी ऊंचा ब्याज देना पड़ता था. पीएम मोदी ने कहा कि अब क्रेडिट कार्ड सिर्फ अमीरों की चीज नहीं रह गई है, बल्कि यह सुविधा समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही है.

केरल से योजना की शुरुआत, हजारों को मिला लाभ

तिरुवनंतपुरम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने बताया कि केरल के करीब 10 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड दिए गए हैं, जबकि राजधानी क्षेत्र से 600 से ज्यादा लाभार्थी शामिल हुए. इस मौके पर पीएम मोदी ने अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और कई विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत की. उन्होंने कहा कि पहले रेहड़ी-पटरी वालों को कुछ सौ रुपये के लिए भी ऊंचे ब्याज पर उधार लेना पड़ता था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं.

क्या है PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड

PM SVANidhi योजना के तहत जारी यह एक RuPay रिटेल क्रेडिट कार्ड है, जिसे सरकारी और निजी बैंक जारी करेंगे. यह कार्ड उन स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा जिन्होंने योजना के पहले दो लोन पूरी तरह चुका दिए हैं. कार्ड के जरिए उन्हें रोजमर्रा के खर्चों और छोटे व्यापारिक जरूरतों के लिए आसानी से क्रेडिट मिलेगा. योजना का मकसद वेंडर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनकी नकदी की दिक्कत को कम करना है.

क्रेडिट लिमिट, ब्याज और UPI सुविधा

इस क्रेडिट कार्ड की अधिकतम सीमा 30,000 रुपये तय की गई है, जबकि शुरुआत में 10,000 रुपये की ऑपरेटिंग लिमिट मिलेगी. कार्ड का इस्तेमाल बेहतर रहने पर लिमिट धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी. कार्ड की वैधता 5 साल की होगी और इसमें 20 से 50 दिनों तक ब्याज मुक्त क्रेडिट सुविधा दी जाएगी. खास बात यह है कि यह कार्ड लाभार्थी के UPI से भी जुड़ा होगा, जिससे डिजिटल भुगतान और भी आसान हो जाएगा. PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड को स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक बड़ा आर्थिक सहारा माना जा रहा है, जो उन्हें साहूकारों के चंगुल से निकालकर औपचारिक बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *