लौकही! सीमित संसाधनों के बीच बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रखंड क्षेत्र के महथौर गोट गांव की छात्रा दीपा कुमारी ने जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। 118वीं रैंक हासिल कर दीपा ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। दीपा कुमारी, महथौर गोट निवासी अरविंद कुमार पासवान की पुत्री हैं, जो बिहार पुलिस में कार्यरत हैं। वर्तमान में वह कक्षा पांचवीं की छात्रा हैं। साधारण परिवार से आने वाली दीपा की इस सफलता से गांव सहित पूरे इलाके में गर्व और खुशी का माहौल है। दीपा की प्रारंभिक शिक्षा लौकही प्रखंड के महादेवमठ स्थित गुरुकुल बाल संस्कार शाला में हुई, जहां वह नर्सरी कक्षा से ही अध्ययनरत हैं। विद्यालय में अनुशासित वातावरण, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी की व्यवस्था उपलब्ध है। यहां छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की सुविधा भी है, जिससे पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल मिलता है। अपनी सफलता पर दीपा कुमारी ने कहा कि उनका सपना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। विद्यालय प्रबंधन ने दीपा की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। साथ ही नवोदय सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नए बैच की शुरुआत भी कर दी गई है। दीपा कुमारी की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी छात्र-छात्राएं बड़े सपने साकार कर सकते हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नई जागरूकता और उत्साह का संचार हुआ है।
महथौर गोट की बेटी दीपा कुमारी ने रचा इतिहास, नवोदय में चयन से इलाके में खुशी की लहर
