महिला सम्मान, बंगाल घटनाक्रम और 2027 चुनाव को लेकर साधा निशाना, बोलीं “जनता खुद लड़ेगी चुनाव”
अयोध्या। अयोध्या में आयोजित पीडीए महाजन पंचायत कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की मछलीशहर (जौनपुर) से विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। यह कार्यक्रम सपा जिला उपाध्यक्ष औरौनी प्रसाद पासवान व पार्षद ज्ञासमती के संयोजन में माता दासी जी की आठवीं पुण्यतिथि तथा माता-पिता की मूर्ति अनावरण के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
अपने संबोधन में डॉ. सोनकर ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए भाजपा की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाली पार्टी काउंटिंग के दौरान ममता बनर्जी के साथ हुई कथित अभद्रता पर चुप क्यों रही। उनके मुताबिक लोकतंत्र में हार-जीत सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन महिलाओं के सम्मान पर खामोशी गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बंगाल में भाजपा की जीत के बाद टीएमसी दफ्तरों पर हमले, तोड़फोड़ और आगजनी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो राजनीतिक असहिष्णुता को दर्शाती हैं।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जैसे 2024 में जनता ने सक्रिय भूमिका निभाई, उसी तरह आने वाले चुनाव में भी जनता खुद मैदान में उतरेगी और प्रदेश में बदलाव निश्चित है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए के सहयोग से सपा सरकार बनना तय है।
महिला आरक्षण और प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार जमीनी काम में पीछे है, जबकि बड़े-बड़े दावे करने में आगे रहती है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’, जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, प्रदेश सचिव छोटे लाल यादव, हाजी फिरोज खान ‘गब्बर’, महिला जिलाध्यक्ष सरोज यादव, महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल, बाबूराम गौड़, बृजेश सिंह चौहान और सीताराम यादव समेत कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
