खटीमा। रुद्रपुर में मदरसों को लेकर दिए गए मौलाना के कथित विवादित बयान के मामले मे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धमकी देने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी और उत्तराखंड में इस प्रकार की बयानबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चंपावत जाने से पहले हैलीपैड पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह केवल किसी एक मौलाना का मामला नहीं है, बल्कि ऐसी विचारधारा का प्रश्न है जो संविधान और कानून व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास करती है।
उन्होंने कहा कि पहले तुष्टिकरण की राजनीति के चलते ऐसे लोगों को संरक्षण मिलता था, लेकिन अब कानून के शासन में किसी को भी धमकी देने या समाज में भय का माहौल बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कानून का राज स्थापित हुआ है और उत्तराखंड में भी सभी कार्य संविधान के अनुरूप किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां इस प्रकार के बयान दिए गए हैं, वहां प्रशासन संबंधित लोगों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करेगा।
धामी ने कहा कि अब तक 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई जा चुकी है। देवभूमि में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून के दायरे में रहकर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
