457 साल बाद बदला दुनिया का नक्शा, क्यों खुश हुआ अफ्रीका और US नाराज; UN में वोटिंग में भारत ने किसे दिया समर्थन

Saiadmin

नई दिल्ली : संयुक्त राष्ट्र जनरल असेंबली ने पारंपरिक दुनिया के नक्शे को बदलकर एक ऐसा नक्शा अपनाने के लिए वोट किया है. यह अफ्रीका के आकार को अधिक सही ढंग से दिखाता है.टोगो द्वारा पेश किए गए और अफ्रीकी संघ (AU) के सदस्यों के समर्थन वाले “करेक्ट द मैप” (नक्शा सुधारें) प्रस्ताव को फ्रांस और यूके समेत 164 देशों का समर्थन मिला.

यूएन रिजॉल्यूशन ने नए मैप को “इक्वल अर्थ कार्टोग्राफिक प्रोजेक्शन” का नाम दिया है. इनके अनुसार “दुनिया के कार्टोग्राफिक चित्रण की सटीकता” को बेहतर बनाया गया है. अमेरिका एकमात्र ऐसा देश था जिसने इसके खिलाफ वोट किया. छह देशों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया. संयुक्त राष्ट्र का यह वोट बाध्यकारी नहीं है, लेकिन यह सरकारों और संस्थानों को पारंपरिक मर्केटर नक्शे का इस्तेमाल बंद करने के लिए प्रोत्साहित करेगा.

मर्केटर नक्शा, जो 16वीं सदी से आम तौर पर इस्तेमाल हो रहा है, आलोचना का शिकार रहा है क्योंकि यह अफ्रीका को ग्रीनलैंड के आकार का ही दिखाता है, जबकि असल में अफ्रीका उससे 14 गुना बड़ा है. आलोचकों का कहना है कि इससे भूमध्य रेखा के पास के देशों की विकास संबंधी जरूरतों और संभावनाओं को कम करके आंका जाता है.

मर्केटर प्रोजेक्शन में जमीन के हिस्सों के आकार और कोणों को सही ढंग से दिखाने पर जोर दिया गया, लेकिन उनके सापेक्ष आकार अक्सर गलत होते थे. ऐसा मुख्य रूप से इसलिए होता था क्योंकि तीन-आयामी ग्लोब को दो-आयामी नक्शे पर दिखाना एक चुनौती थी.इसने उत्तरी इलाकों को बड़ा और भूमध्य रेखा के पास के इलाकों को छोटा दिखाया, जिससे यूरोप और उत्तरी अमेरिका बहुत बड़े लगने लगे, जबकि अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका छोटे दिखाई देने लगे.

मर्केटर नक्शा 1569 में फ्लेमिश कार्टोग्राफर (नक्शा बनाने वाले) जेरार्डस मर्केटर ने बनाया था ताकि यूरोपीय खोजकर्ताओं को दुनिया भर में नेविगेट करने में मदद मिल सके.यह नक्शा ध्रुवों के पास के देशों को उनके असल आकार से कहीं अधिक बड़ा दिखाता है. उनके नक्शे में यह गड़बड़ी इसलिए है क्योंकि ग्लोब की सतह को टू-डायमेंशनल चार्ट पर सही-सही दिखाना नामुमकिन है.

इसे ठीक करने की कोशिश में, 2018 में कार्टोग्राफर्स की एक टीम ने समान क्षेत्रफल वाला एक नक्शा बनाया जिसे ‘इक्वल अर्थ प्रोजेक्शन’ कहा गया. यह महाद्वीपों के सापेक्ष आकार को अधिक सही ढंग से दिखाता है. फरवरी में, अफ्रीकी संघ के 54 सदस्य देशों ने इसे अपनाया और कहा कि यह सभी महाद्वीपों, खासकर अफ्रीका के आकार को अधिक सही ढंग से दिखाता है.

वोटिंग से पहले, टोगो के विदेश मंत्री रॉबर्ट डसी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एक निष्पक्ष दुनिया की शुरुआत एक निष्पक्ष नक्शे से होती है. यूएन की एक ब्रीफिंग में, मिस्टर डसी ने कहा कि नक्शा कभी भी तटस्थ नहीं होता. यह लोगों की सोच को आकार देता है और इस बात पर असर डालता है कि दुनिया में लोगों और महाद्वीपों की जगह को कैसे समझा जाता है.

कई देशों ने इस फैसले का स्वागत किया और ‘इक्वल अर्थ’ मैप को अपनाने की अपील की. ​​वोटिंग के बाद, फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने X पर कहा, “मैप बदलने से जाहिर है कि दुनिया नहीं बदलती. लेकिन दुनिया को गलत तरीके से दिखाने वाले मैप को सही करना सच की ओर एक कदम है.” उन्होंने कहा है कि वह मर्केटर मैप का इस्तेमाल बंद करने की योजना बना रहा है. हालांकि, अमेरिका ने यूएन में हुए मतदान की आलोचना करते हुए कहा कि जनरल असेंबली को अधिक गंभीर वैश्विक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए.अभियान चलाने वालों का कहना है कि मैप सिर्फ यात्रियों के लिए गाइड नहीं होते, बल्कि वे यह भी तय करते हैं कि अलग-अलग इलाकों को राजनीतिक और आर्थिक नजरिए से कैसे देखा जाए.

भारत जहां पर पहले दिख रहा है, अभी भी वहीं पर दिख रहा है. इसके साइज में कोई बदलाव नहीं किया गया है. उनकी सीमाओं में कोई परिवर्तन नहीं है.

मर्केटर नक्शा बंद नहीं होगा. इसका भी इस्तेमाल होता रहेगा. समुद्री और हवाई दिशा-निर्धारण जैसे कामों में इसका इस्तेमाल होता रहेगा. इसमें दिशा और कोण को खास तरीके से दिखाया जाता है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *