ट्रांजिट कैंप में फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ के तीन आरोपी दबोचे

Saiadmin

रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिव एन्क्लेव में 24 सितंबर की रात हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, दो .315 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपने साथी की कार लेने के दौरान कथित तौर पर हवाई फायरिंग की और दो वाहनों में तलवार से तोड़फोड़ की थी. तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है.

ट्रांजिट कैंप फायरिंग और तोड़फोड़ का खुलासा: उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह घटना 24 सितंबर की रात शिव एन्क्लेव, गंगापुर रोड क्षेत्र में हुई थी. मामले में 25 सितंबर को थाना ट्रांजिट कैंप में एफआईआर के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. घटना की विवेचना के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था.

अवैध हथियारों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार: एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन और एसपी रुद्रपुर व क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश और सुरागरसी की. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल तीन युवक एफसीआई गोदाम के सामने किच्छा रोड स्थित एक खाली चाय के खोखे के पास खड़े हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया.

एक पिस्टल, दो तमंचे और चार कारतूस बरामद: पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदू पुत्र सालिक राम (26), निवासी नई बस्ती खानपुर, बिलासपुर, रामपुर, सोहेल पुत्र मोहम्मद उमर (21), निवासी सिरौली कला, किच्छा, हाल निवासी आजादनगर ट्रांजिट कैंप और एक 18 के युवक रूप में हुई है. तलाशी के दौरान नंदू के कब्जे से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. वहीं सोहेल और 10 साल के युवक के कब्जे से एक-एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस के अनुसार कुल एक पिस्टल, दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.

कॉलोनी में छूट गई थी साजेश उर्फ अरमान की कार: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका साथी साजेब उर्फ अरमान 24 सितंबर की रात शिव एन्क्लेव में अपने परिचित से मिलने गया था. कॉलोनी के लोगों को इसकी जानकारी होने के बाद कथित तौर पर उसे घेर लिया गया, जिसके बाद वह मौके से निकल गया, लेकिन उसकी कार वहीं छूट गई. इसके बाद आरोपियों को कार लाने के लिए वहां भेजे जाने की बात सामने आई.

कार लेने गए तीनों आरोपियों ने फैलाई थी दहशत: पुलिस के अनुसार, आरोपी जब शिव एन्क्लेव पहुंचे तो वहां भीड़ मौजूद थी. आरोपियों ने कथित तौर पर लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग की. इसके बाद जब वे कार तक पहुंचे तो उसके टायरों के नट खुले होने के कारण कार नहीं ले जा सके. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपियों ने गुस्से में वहां खड़े दो वाहनों को तलवार से क्षतिग्रस्त किया और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए.

तीनों आरोपियों का है आपराधिक इतिहास: पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नंदू के खिलाफ पूर्व में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोहेल और 18 वर्षीय युवक के खिलाफ भी वर्ष 2026 में बीएनएस और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं.

एसएसपी ने कहा सख्त कार्रवाई होगी: उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि-

फायरिंग और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.
-अजय गणपति, एसएसपी-

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *