पितृ पक्ष में बड़ा हादसा: श्राद्ध कर्म के दौरान नदी में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

Saiadmin

मऊरानीपुर (झांसी)। सुखनई नदी में मंगलवार को जल तर्पण के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की डूबने से मौत हो गई। मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रानीपुर चौकी अंतर्गत देवरी सिंह पुरा में हुए हादसे में देवरी सिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी, उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, परिवार के ही अभिनव तिवारी (25), श्रेयांश तिवारी (21) और जालौन के हरेदाई निवासी पुष्कर शुक्ला (23) की जान चली गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार देवरी सिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी के चाचा काशी प्रसाद तिवारी का पटा श्राद्ध कार्यक्रम था। मंगलवार को करीब 11:30 बजे अनूप तिवारी अपने बेटे अर्पित, परिवार के ही अभिनव तिवारी, श्रेयांश तिवारी और जालौन के हरेदाई निवासी पुष्कर शुक्ला के साथ सुखनई नदी में पूर्वजों को जल तर्पण करने गए थे। इसी दौरान अचानक अनूप तिवारी का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के गहरे पानी में डूबने लगे।

नदी किनारे पहुंचे ग्रामीण

पुलिस के अनुसार अनूप को नदी में डूबता देख उनके साथ गए अर्पित, अभिनव, श्रेयांश और पुष्कर उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए। अनूप को बचाने के प्रयास में चारों का भी संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पांचों लोग नदी की धार में बहने लगे और पानी में समा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए।

ग्रामीणों ने अपने स्तर से बचाव का प्रयास किया, लेकिन पांचों का पता नहीं चल सका। हादसे की सूचना मिलते ही मऊरानीपुर एसडीएम, मऊरानीपुर सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया।

इसके बाद सभी को मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही देवरी सिंह पुरा समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *