उत्तराखंड सरकार ने करवा चौथ पर किया सार्वजनिक अवकाश घोषित, महिला कर्मियों को मिलेगी छुट्टी

Saiadmin

देहरादून/लक्सर: उत्तराखंड की धामी सरकार ने करवा चौथ पर प्रदेश की महिलाओं को छुट्टी की सौगात दी है. उत्तराखंड सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी करते हुए सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की जानकारी दी है.

आदेश में कहा गया है कि करवा चौथ पर्व के लिए गुरुवार 29 अक्टूबर को सरकारी- प्राइवेट कार्यालयों, सरकारी स्कूल कॉलेज और शासकीय प्रतिष्ठानों में अवकाश रहेगा. इससे करवाचौथ पर्व मनाने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी.

वहीं, करवा चौथ को लेकर प्रदेशभर के बाजारों में रौनक बढ़ी हुई है. 29 अक्टूबर को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है. पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं बाजारों में सजने-संवरने की खरीदारी में जुटी हैं, जिससे कपड़ा, सर्राफा, कॉस्मेटिक और मनिहारी की दुकानों पर खासी भीड़ देखने को मिल रही है.

हरिद्वार के लक्सर शहर के बाजारों के साथ-साथ ब्यूटी पार्लरों में भी रौनक चरम पर है. महिलाएं मेहंदी, फेशियल, मेकअप के लिए तीन-चार दिन पहले से ही बुकिंग कराकर पार्लर पहुंच रही हैं. पार्लर संचालकों के अनुसार इन दिनों मेहंदी का सबसे ज्यादा क्रेज है. महिलाएं पूरे हाथों और पैरों पर मेहंदी लगवा रही हैं.

ब्यूटी पार्लर पहुंची महिला आरती गोयल ने बताया कि, उन्हें करवा चौथ का बेसब्री से इंतजार रहता है. यह सुहागिनों का सबसे पसंदीदा त्योहार है, जिसे वे हंसी-खुशी सेलिब्रेट करती हैं.

पिछले तीन-चार दिनों से पार्लर में बहुत अच्छा काम चल रहा है. महिलाएं सजने-संवरने के लिए लगातार आ रही हैं. हमारे यहां भी करवा चौथ के त्योहार पर फेशियल मेकअप पर विशेष छूट दी जा रही है.
-ऋतु, ब्यूटी पार्लर संचालिका-

महिलाओं में करवा चौथ को लेकर काफी करीब है और इस बार दुकानदारी भी बहुत अच्छी है. महिलाएं जमकर ज्वेलरी की खरीदारी कर रही है.
-केतन अरोड़ा, सर्राफा व्यापारी-

करवा चौथ पर सोलह शृंगार का विशेष महत्व होने के कारण महिलाएं साड़ी, सूट, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी, करवा, छलनी, पूजा की थाली और सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी कर रही है. त्योहारी सीजन शुरू होते ही सर्राफा बाजार में भी चहल-पहल बढ़ गई है. कई जगह पति भी पत्नी के साथ बाजार आकर उपहार पसंद कर रहे हैं. बाजार में बढ़ती ग्राहकी से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं और उन्हें इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *