उत्तरकाशी रेस्क्यू: बर्फीली चोटियों पर फंसे लोगों तक पहुंच रही मदद, सीएम ने लिया राहत-बचाव अभियान का अपडेट

Saiadmin

उत्तरकाशी। उच्च हिमालय में बर्फबारी के चलते फंसे पर्वतारोही व ट्रेकर्स के रेस्क्यू को हेली रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

सोमवार सुबह से चलाए जा रहे अभियान के तहत अभी तक 36 ट्रेकर्स को हेली के जरिए रेस्क्यू किया गया है। जबकि अभी तक करीब 100 ट्रेकर्स को रेस्क्यू किया जाना शेष है।

बता दें कि बीते शनिवार-रविवार को अचानक बदले मौसम के चलते उच्च हिमालय क्षेत्र में पर्वतारोहण अभियान व ट्रेकिंग के लिए गए 136 पर्वताराेही व ट्रेकर्स फंस गए थे। इनमें से हाई अल्टीट्यूट एक्सपीडिशन के अंतर्गत कुल 89 तथा हाई अल्टीट्यूड ट्रेकिंग श्रेणी में कालिंदी पास बेस कैंप पर 18 और आडेनकोल पास बेस कैंप पर 29 ट्रेकर्स फंसे थे, जो कि बर्फबारी के चलते न तो नीचे आ पा रहे थे, नहीं आगे अभियान को जारी रख पा रहे थे।

सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू आपरेशन को कार्ययोजना बनाई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मौसम की स्थिति को देखते हुए हेली सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रहने आवश्यकता पड़ने पर हवाई रेस्क्यू शुरू करने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में सोमवार को मौसम की स्थिति में सुधार पर हेली रेस्क्यू शुरू किया गया। हर्षिल स्थित सेना के हेली पैड से चलाए जा रहे हेली रेस्क्यू आपरेशन में 8 हेली काप्टरों की मदद से हेली रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है।

आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक आडेन काेलपास के बेस कैंप से 29 व कालिंदी ट्रेक के बेस कैंप से 7 ट्रेकर्स को सकुशल रेस्क्यू कर हर्षिल पहुंचाया गया है। जबकि अभी तक करीब 100 ट्रेकर्स व पर्वतारोहियों को रेस्क्यू किया जाना शेष है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि रेस्क्यू आपरेशन के लिए हर्षिल को बेस कैंप बनाया गया है, सभी ट्रेकर्स व पर्वतारोहियों को रेस्क्यू कर हर्षिल लाया जा रहा है। वहीं,मौसम को देखते हुए पैदल रेस्क्यू टीमों आइटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व गंंगोत्री नेशनल पार्क की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

सीएम धामी ने फोन पर ली जानकारी

उधऱ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे ट्रेकर्स के संबंध में सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर वार्ता कर राहत एवं बचाव अभियान की विस्तृत जानकारी ली।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *