सलारपुर में नोएडा प्राधिकरण की गांव चौपाल, ग्रामीणों ने उठाई समस्याएं

Saiadmin

सलारपुर गांव के खेड़ा देवत स्थित चौपाल पर नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित गांव चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर जोरदार तरीके से आवाज उठाई। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष श्री अशोक भाटी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
चौपाल में सिविल, जल, सीवर, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रोहित कुमार, प्रदीप वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, सुभाष कुमार, पवन कुमार, राकेश भाटी, राय प्रताप सिंह, मुकेश शर्मा, मोहन कुमार, कृष्ण कुमार, धर्मेंद्र कुमार सहित कई अन्य अधिकारी शामिल हुए।
ग्रामीणों ने चौपाल के दौरान गांव में व्याप्त समस्याओं सीवर व्यवस्था, आरसीसी सड़कें, सामुदायिक केंद्र, कन्या विद्यालय, चिकित्सा केंद्र, जल निकासी, साफ-सफाई एवं बिजली व्यवस्था को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से ये समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन समाधान के नाम पर केवल आश्वासन ही मिलते हैं। बार-बार चौपाल आयोजित की जाती है, परंतु विकास कार्य धरातल पर नजर नहीं आते।
भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अधिकारियों के समक्ष सेक्टर 80-81 सलारपुर में बारात घर निर्माण में देरी, फ्लाईओवर के नीचे सलारपुर-भंगेल कट, पार्किंग, नाले की पटरी पर डिवाइडर तथा मंगतू कॉलोनी, भट्टा कॉलोनी, राजीव कॉलोनी सहित अन्य समस्याओं को विस्तार से रखा।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो सलारपुर के ग्रामवासी एकजुट होकर नोएडा प्राधिकरण पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे।
बैठक के अंत में संबंधित अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सभी प्रमुख समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और गांव में आवश्यक विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
इस अवसर पर सुखबीर प्रधान, चरण सिंह भाटी, सिंह राज गुर्जर, जयराज भाटी, सचिन भाटी, योगेश भाटी, विजय गुर्जर, बलवीर पहलवान, धर्मेंद्र शर्मा, सोमेश भारद्वाज, ओम भाटी, पुरुषोत्तम भाटी, मनोज भाटी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *