बच्चे के साथ मारपीट से रोका तो लाठी-डंडों से किया हमला, बेरहमी से पीटा…मोबाइल, चांदी की चेन और रुपये भी छीने

Saiadmin

देहरादून: पटेल नगर क्षेत्र में एक स्कूल के बाहर युवकों की भीड़ द्वारा दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक युवक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से पीटते हुए देखा जा सकता है. मामले में पटेल नगर पुलिस ने चार नामजद समेत 15-20 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों आदित्य और प्रज्वल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.

छात्र को पिटता देख बीच-बचाव करने पहुंचे थे युवक: देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास निवासी अंकज पुत्र लाल सिंह ने बीते दिन पटेल नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दी. अंकज के अनुसार, वह अपने साथी विवेक सहनी के साथ वहां से गुजर रहा था. इसी दौरान 15-20 युवक एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट कर रहे थे. छात्र ने दोनों से मदद मांगी तो उन्होंने मारपीट कर रहे युवकों से उसे पीटने की वजह पूछी. आरोप है कि इस बात पर युवक भड़क गए और उन्होंने अंकज व विवेक पर हमला कर दिया.

बाल पकड़कर घसीटा, बेल्ट और डंडों से किया हमला: अंकज ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट करते हुए डंडों, पाटल और बेल्ट का इस्तेमाल किया. सामने आए वीडियो में एक युवक विवेक को बाल पकड़कर सड़क पर घसीटता दिखाई दे रहा है. इस दौरान आसपास मौजूद कई युवक उस पर बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं. मारपीट में विवेक के सिर पर चोट आई, जिसके बाद अंकज उसे उपचार के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गया.

कोतवाली पटेल नगर में अंकज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लालपुर से गुजर रहे थे तो कुछ लोग स्कूली छात्रों के साथ मारपीट कर रहे थे, जब बीच बचाव के लिए वहां पहुंचे तो इनके साथ भी मार पिटाई हुई. मामले में कोतवाली पटेल नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था. इस घटना के मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
-अंकित कंडारी, सीओ सदर-

मोबाइल, चांदी की चेन और रुपये छीनने का आरोप: पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान विवेक का मोबाइल फोन, गले में पहनी चांदी की चेन और जेब में रखे 8 हजार रुपये भी छीन लिए गए. अंकज ने पुलिस को शिकायत के साथ मेडिकल रिपोर्ट और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है.

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी: पटेल नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रज्वल, आदित्य गर्ग, आयुष पंडित, तुषार और 15-20 अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2) और 309(6) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है.कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने दबिश देकर आदित्य और प्रज्वल को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *