सौहरखा के ग्रामीणों ने प्राधिकरण को सौंपा मांग पत्र, कार्यों में देरी पर जताया आक्रोश
नोएडा ग्राम सौहरखा में आयोजित ‘ग्राम चौपाल’ कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक (वर्क सर्किल-6) से मुलाकात कर ग्रामीणों ने पिछले दो वर्षों से लंबित विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य लंबे समय से अधर में लटके हुए हैं। विशेष रूप से खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए उद्यान विभाग द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व निविदा जारी की गई थी, लेकिन अब तक ठेकेदार द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इससे युवाओं में रोष व्याप्त है।
इसके अलावा, पुस्ता मार्ग से गांव के अंतिम छोर तक सीसी रोड निर्माण, जलभराव की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम, तथा जिन गलियों में आरसीसी सड़क की निविदा हो चुकी है वहां शीघ्र कार्य शुरू कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। ग्रामीणों ने शेष गलियों में पानी और सीवर लाइन बिछाने की आवश्यकता भी बताई।
युवाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए खेल मैदान की चारदीवारी निर्माण एवं कुश्ती अखाड़े पर आधुनिक ‘मैट हॉल’ बनाने की मांग भी रखी गई।
इस अवसर पर मौजूद वरिष्ठ प्रबंधक सतेन्द्र गिरि ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी लंबित कार्यों की समीक्षा कर संबंधित ठेकेदारों को कड़े निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने सड़क एवं सीवर निर्माण कार्यों में तेजी लाने का भरोसा भी दिलाया।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कार्य धरातल पर शुरू नहीं हुए, तो वे इस मुद्दे को लेकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मुलाकात कर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
कार्यक्रम में प्रबंधक रमेश चंद्र शर्मा, जेई निखिल मित्तल, जेई विनित शर्मा, जेई राजीव यादव, परविन्द्र यादव, इन्द्रजीत पहलवान, रवि यादव, पवन यादव, अशोक यादव, अनिल मास्टर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
