श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन, 80 से अधिक स्थानों पर उपद्रव पुलिस ने स्थिति संभाली

Saiadmin

गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 40-45 हजार श्रमिकों और मजदूरों ने विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते यह प्रदर्शन कई स्थानों पर उग्र हो गया और जनपद के लगभग 80 से अधिक स्थानों पर उपद्रव की घटनाएं सामने आईं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, कुछ अराजक तत्वों ने सेक्टर-63 क्षेत्र के दो स्थानों तथा मदरसन कंपनी परिसर के आसपास आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। इससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने समूह बनाकर यातायात बाधित किया और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया।
इस दौरान पुलिस ने अत्यंत संयम और धैर्य का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में समस्त जोनल पुलिस, थाना पुलिस, फायर सर्विस और अन्य संबंधित विभागों ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया। आगजनी की घटनाओं पर शीघ्र नियंत्रण पाया गया और भीड़ को समझाकर शांतिपूर्ण ढंग से हटाने का प्रयास किया गया।
हालांकि, कुछ स्थानों पर अराजक तत्वों द्वारा बार-बार उपद्रव की कोशिशें की गईं, लेकिन पुलिस ने सतर्कता और न्यूनतम बल प्रयोग के साथ स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
पुलिस के अनुसार, वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जनपद में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की कड़ी निगरानी जारी है। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में विभिन्न थानों में 7 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और कई असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *