नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर The Indiantoptics Foundation द्वारा Real View Public School, जैतपुर में एक महत्वपूर्ण Child Safety & Awareness Program का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और समाज को बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जैतपुर थाना की हेड कांस्टेबल चंचल तथा एडवोकेट कोमल गुप्ता उपस्थित रहीं। इस दौरान एडवोकेट कोमल गुप्ता ने बताया कि आज के समय में बच्चों को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से दूर रखना बहुत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों को सुझाव दिया कि वे बच्चों के साथ समय बिताएं, उनकी गतिविधियों पर ध्यान रखें और सकारात्मक गतिविधियों की ओर उन्हें प्रेरित करें, ताकि बच्चे अनुशासन और सही दिशा में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम का संचालन एंकर दुर्गा ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रखने के लिए उन्हें कॉमिक्स पढ़ने, ड्रॉइंग और रचनात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित करना चाहिए, जिससे उनका ध्यान सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगे।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस पहल की सराहना की। वक्ताओं ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं बल्कि स्कूल और समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में The Indiantoptics Foundation की संस्थापक निशा राठौर तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा अतिथि वक्ताओं को चुनरी एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर निशा राठौर ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों और शिक्षकों के धन्यवाद के साथ किया गया।
