लौकही के सुबाटोल में विशाल स्वास्थ्य शिविर, हजारों लोगों ने उठाया मुफ्त इलाज का लाभ

Saiadmin

लौकही! लौकही प्रखंड के छातापुर स्थित सुबाटोल गांव में शनिवार को 18वीं वाहिनी के तत्वावधान में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के विभिन्न गांवों से आए करीब 2000 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर का आयोजन 18वीं वाहिनी के कमांडेंट ओकेंद्र सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट पवन कुमार तथा अंधरामठ एसएसबी बीओपी इंचार्ज नरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। आयोजन को सफल बनाने में कुकुरदौड़ा पंचायत के वर्तमान मुखिया विजय कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, शंभू सिंह, शौकत अली एवं मोहम्मद रजाक की अहम भूमिका रही। स्वास्थ्य शिविर में मधुबनी मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। इस दौरान डॉ. चुन्नू कुमार यादव, डॉ. आनंद मोहन सिंह, डॉ. आशीष, डॉ. खलील, डॉ. कविता तिवारी तथा डॉ. प्रिया ने मरीजों की जांच की। चिकित्सकों ने बताया कि शिविर में नेत्र रोग, दंत रोग, घुटने एवं जोड़ों के दर्द सहित विभिन्न प्रकार की बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंचे थे। नेत्र रोगियों की जांच कर उन्हें आई ड्रॉप उपलब्ध कराई गई, वहीं दंत रोगियों को आवश्यक दवाइयां दी गईं। अधिकांश बुजुर्ग मरीजों में घुटनों से संबंधित समस्याएं सामने आईं, जिनका उपचार कर उन्हें उचित सलाह दी गई। इसके अलावा शुगर, ब्लड प्रेशर सहित कई अन्य गंभीर बीमारियों की भी जांच कर मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां दी गईं। डॉक्टरों ने बताया कि भविष्य में यदि किसी मरीज को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है तो वे निसंकोच उनकी टीम से संपर्क कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर कम शुल्क अथवा नि:शुल्क इलाज की भी व्यवस्था की जाएगी। वहीं पंचायत के मुखिया विजय कुमार सिंह एवं जिला परिषद सदस्य विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में केवल एक पंचायत ही नहीं बल्कि आसपास की कई पंचायतों के लोग भी पहुंचे। बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं सहित करीब 2000 लोगों ने इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *