औद्योगिक शांति को लेकर अहम बैठक, श्रमिक हितों की सुरक्षा पर जोर

Saiadmin

जनपद में औद्योगिक शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से नोएडा विकास प्राधिकरण के सेक्टर-06 स्थित सभागार में प्रशासन, पुलिस एवं उद्योग प्रबंधन के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूणेश, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव (श्रम) एम.के.एस. सुंदरम तथा श्रम आयुक्त मार्कण्डेय शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उद्यमियों दोनों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक शांति और श्रमिक कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि नई श्रम संहिताओं के तहत श्रमिकों को न्यूनतम वेतन, समयबद्ध भुगतान, समान कार्य के लिए समान वेतन, ओवरटाइम पर दोगुना भुगतान, सामाजिक सुरक्षा (ईपीएफ, ईएसआई), ग्रेच्युटी सहित कई महत्वपूर्ण अधिकार सुनिश्चित किए जा रहे हैं। साथ ही असंगठित एवं गिग श्रमिकों को भी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी औद्योगिक इकाइयां शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और श्रमिकों के साथ संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें। किसी भी प्रकार के शोषण या अव्यवस्था पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस आयुक्त ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। वहीं जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी इकाइयां शासन की गाइडलाइंस को नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, ताकि श्रमिकों में किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि काम करने के इच्छुक श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा कारखाना प्रबंधन उनके साथ सौहार्दपूर्ण संवाद बनाए रखे। औद्योगिक इकाइयों के मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने के भी निर्देश दिए गए।
श्रमिकों और उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। संबंधित पक्ष 1202978231, 1202978232, 1202978862 और 1202978702 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *