होली के रंग में रंगे विजयनगर के पत्रकार

Saiadmin

गाजियाबाद। विजयनगर स्थित सरकारी डिस्पेंसरी परिसर में रविवार को पत्रकारों ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसका उद्देश्य आपसी भाईचारे के साथ पत्रकार एकता और सौहार्द को बढ़ावा देना था। इस बीच एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिले और होली के रंग में पूरी तरह रंग गए।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक स्वागत से हुआ। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन और एन. के. शर्मा को पत्रकार डॉ अशोक कुमार, विनोद सक्सेना व नरेश कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में हंसी-ठिठोली और रंगों की बौछार देखने को मिली।
एक अर्से बाद कई पत्रकार साथी एकसाथ मिले तो यादों और अनुभवों का सिलसिला भी चला। नरेश कुमार और विनोद सक्सेना ने विजयनगर में एक मजबूत पत्रकार संगठन के गठन पर जोर दिया, तो डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने उनका समर्थन करते हुए माहौल पूरी तरह उत्साह से भर दिया। साथ ही उनके संवाद और विचारों में गंभीरता भी देखने को मिली। सभी उपस्थित पत्रकारों ने तालियां बजाकर डॉ. बच्चन का जोरदार स्वागत व समर्थन किया।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ जितेन्द्र बच्चन ने होली जैसे सांस्कृतिक पर्व के जरिए पत्रकार हितों की बात करते हुए समाज में समरसता बढ़ाने का संदेश दिया। साथ ही मीडिया को और जिम्मेदार बनाने की मंशा जाहिर की, जिससे समाज को और मजबूती मिल सके। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उनके लिए प्रत्येक पत्रकार एक परिवार की तरह है और यही उनकी पूंजी होने के साथ-साथ वास्तविक शक्ति है।
डॉ अशोक कुमार, एनके शर्मा और कई अन्य पत्रकारों ने भी इस बात पर जोर दिया कि लाइनपार क्षेत्र में एक ऐसे संगठन की आज आवश्यकता है, जो पत्रकार हितों की रक्षा करे और उनके सुखदुख में पत्रकारों के साथ खड़ा हो। इस सिलसिले में राहुल शर्मा ने भी अपने अनुभव साझा किए। नरेश कुमार ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मन के मतभेदों को मिटाकर प्रेम और सद्भाव अपनाने का दिन है।
समारोह के अंत में सभी के लिए पारंपरिक पकवानों का विशेष प्रबंध किया गया। गुझिया की मिठास के साथ सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पत्रकार नरेश कुमार शर्मा, डॉ अशोक कुमार, नरेश राजपूत, सुधीर रस्तोगी, समर सिंह राणा, वीके सक्सेना, राहुल शर्मा, राजकुमार, संजय राजपूत, राकेश गुप्ता, सविता शर्मा, डॉ गीता, किशन स्वरूप, सुभाष चंद्र, शिवकुमार पवार, अमित शर्मा, राकेश झा, संतोष, सुशील, राजकुमार, रवि तुषार, अनिल कुमार, गौरव प्रधान, दिशांत, मुकेश गैराला, अमित तोमर, विकास शर्मा आदि पत्रकार उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *