इस्कॉन मंदिर में शाम को हुई विशेष आरती, श्रद्धालुओं को वितरित किया भोजन प्रसादम
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में शुक्रवार को स्वर्गीय अशोक चौधरी की तृतीया पुण्यतिथि के अवसर पर समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया।
इस पुनीत अवसर पर अपने स्वर्गीय पति की पावन याद में रश्मि चौधरी ने अपनी महिला मित्रों के साथ मिलकर सेंट्रल पार्क और बाउंड्री वॉल पर 11 हारसिंगार (पारिजात) के पौधे रोपे। इस दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इन पौधों के रूप में उनके पति की यादें हमेशा हरी-भरी रहेंगी और प्रकृति को जीवन देती रहेंगी। पंडित राजीव मिश्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई।
पौधारोपण अभियान के तुरंत बाद सोसाइटी के मुख्य गेट के बाहर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने पूरी-सब्जी और हलवे का प्रसाद ग्रहण किया।
इस सेवामयी मौके पर मुख्य रूप से अनुजा बंसल, डॉ. अंशिका चौधरी, प्रीति चौधरी, पूजा चौटानी, नीरू गर्ग, विशाल बिग, चौधरी महिपाल सिंह, दयानंद बंसल, उमेश चौटानी, राहुल त्यागी, राजेश गर्ग और गौरव बंसल सहित सोसाइटी के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय अशोक चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के क्रम में शाम को राजनगर स्थित प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर में शाम 7:00 बजे विशेष आरती का आयोजन किया गया। आरती के बाद मंदिर परिसर में भक्तों और श्रद्धालुओं के लिए भव्य भोजन प्रसादम (भंडारे) का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय अशोक चौधरी को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनकी स्मृतियों को नमन किया।
