मनीला (फिलिपींस): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को भारत और आसियान देशों के बीच अधिक सहयोग का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय होना चाहिए. इसके साथ ही, उन्होंने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच शांति, स्थिरता और पूर्वानुमान-योग्यता के महत्व पर जोर दिया.
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनमें इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बनाने की क्षमता है. उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में, इस वर्ष हमारी थीम ‘एक साथ मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना’ (Navigating Our Future Together) का विशेष महत्व है. भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं. इसलिए, यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से आकार ले.
भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि इसने पिछले कुछ वर्षों में भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई दी है, और इसके तहत डिजिटल तकनीक, रक्षा तथा अंतरिक्ष जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार हुआ है. उन्होंने बताया कि 2014 से भारत ने लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं, साथ ही 250 से ज्यादा ‘क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट’ शुरू किए हैं और 10,000 से अधिक कौशल-विकास छात्रवृत्तियां प्रदान की हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान के बीच बढ़ती कनेक्टिविटी पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारत और नौ आसियान देशों के बीच सीधी उड़ानें, और साथ ही बढ़ता पर्यटन, उनकी साझेदारी की मजबूती को दर्शाते हैं. समिट को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस साल किसी आसियान देश की यह मेरी तीसरी यात्रा है. इससे पता चलता है कि भारत के लिए आसियान का कितना विशेष महत्व है. हमारा मानना है कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से बहुत गहराई से जुड़े हुए हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘आसियान कम्युनिटी विजन 2045’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के भारत के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में ये दोनों ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दोहराया. साथ ही, उन्होंने विश्वास जताया कि यह शिखर सम्मेलन ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और एक सुरक्षित, समावेशी तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को आसियान की उनकी सफल अध्यक्षता के लिए बधाई दी और भारत के लिए ‘कंट्री कोऑर्डिनेटर’ के रूप में फिलीपींस के योगदान को सराहा. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस प्रारूप में आसियान नेताओं के साथ उनकी बातचीत इस तरह की 13वीं मुलाकात थी, जो इस क्षेत्रीय समूह के साथ भारत की साझेदारी के महत्व को रेखांकित करती है.
