हाथरस: कस्बा सादाबाद में बाईपास रोड पर रविवार की सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां घर के अंदर हीं बुजुर्ग दंपति की लाश मिली है. दोनों का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया है. पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना किया है. हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की 5 टीमें गठित की गई हैं.
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि मृत दंपति की पहचान शमशुद्दीन (58) और उनकी पत्नी शमीना उर्फ सद्दो (55) के रुप में की गई है. शमशुद्दीन 20 साल पहले फौज से रिटायर हुए थे. वह अपनी पत्नी के साथ सादाबाद बाईपास रोड पर एक मकान में रहते थे.
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना रविवार सुबह करीब 9:00 बजे मिली. सभी आवश्यक फॉर्मेलिटी पूरी की गई है. पहली नजर में यह प्रतीत होता है कि किसी धारदार हथियार से दोनों की हत्या की गई है. घटना के अनावरण के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है.
फिलहाल हत्या के पीछे की बजह साफ नहीं है. पुलिस आसपास रहने वाले लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. सीनियर अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं. दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शमशुद्दीन अपनी पत्नी शमीना उर्फ सद्दो के साथ सादाबाद बाईपास रोड पर एक मकान में रहते थे. रविवार सुबह करीब 9 बजे तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई.
पड़ोसियों ने परिजनों की मदद से किसी तरह दरवाजा खुलवाया. घर के अंदर शमशुद्दीन और उनकी पत्नी के शव खून से लहूलुहान पड़े थे. घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
मौके पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, एडिशनल एसपी, क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण भारी फोर्स के साथ पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए सील कर दिया. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जहां टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की है.
शमसुद्दीन फौज से करीब 20 साल पहले रिटायरमेंट के बाद यहां आकर रहने लगे थे. उन्होंने दो शादियां की थीं. इनके साथ उनकी पहली पत्नी रहती थीं, जिनकी हत्या हुई है. दूसरी पत्नी वारदात वाले घर के नजदीक ही दूसरे घर में रहती है. रिश्तेदारों के मुताबिक, शमसुद्दीन अपनी दोनों बीबियों के पास रहा करते थे.
