गौतमबुद्धनगर:- अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में असंतुष्ट फीडबैक तथा स्पेशल क्लोज से संबंधित प्रकरणों की विभागवार एवं प्रकरणवार गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि असंतुष्ट फीडबैक के अंतर्गत डीआईओएस, डीपीओ, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड आदि विभागों से संबंधित प्रकरण लंबित एवं गुणवत्ताहीन निस्तारण की श्रेणी में पाए गए हैं। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित उच्चाधिकारियों एवं शासन को प्रेषित किया जाएगा, ताकि विषय का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन विभागों में असंतुष्ट फीडबैक की संख्या अधिक पाई जाएगी अथवा बिना उचित श्रेणी चयन किए प्रकरणों को स्पेशल क्लोज किया जाएगा, ऐसे अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा आख्या माननीय मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण से पूर्व शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता एवं आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। निस्तारण आख्या के साथ शिकायतकर्ता एवं प्रतिपक्षी के बयान सहित आवश्यक साक्ष्य संलग्न किए जाएं, जिससे निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों को समय से आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कर उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। बैठक में शिकायत निस्तारण की पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट/प्रभारी आइजीआरएस अरविंद कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी टीकम सिंह, खंड विकास अधिकारी नेहा सहित समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक संपन्न
Leave a Comment
