उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा-2025 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशासन कृत संकल्पित

Saiadmin

जिलाधिकारी ने श्री अमीचंद इंटर कॉलेज कासना परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गौतम बुद्ध नगर, 14 मार्च 2026

जनपद गौतम बुद्ध नगर में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं कृत संकल्पित है। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है।
परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने ग्रेटर नोएडा स्थित श्री अमीचंद इंटर कॉलेज, कासना परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं, परीक्षार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा के प्रथम दिन दोनों पालियों की परीक्षा जनपद के सभी 18 केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार सभी केंद्रों पर निगरानी बनाए हुए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के प्रथम दिन पहली पाली में कुल 5520 अभ्यर्थियों में से 3691 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1829 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 5520 अभ्यर्थियों में से 3870 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए और 1650 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने आगे बताया कि 15 मार्च को भी जनपद के सभी 18 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *