ये लीग इन खिलाड़ियों के लिए वर्ल्ड कप के समान : मनिंदर सिंह

Saiadmin

नोएडा। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MUIT) द्वारा आयोजित महर्षि प्रीमियर लीग (MPL) – सीजन 5 का भव्य समापन एक बेहद रोमांचक और यादगार फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। दिल्ली–एनसीआर के इस प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम दिन दर्शकों को शानदार खेल और जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
फाइनल मुकाबले में बैनेट यूनिवर्सिटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए महर्षि यूनिवर्सिटी के सामने 156 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में महर्षि यूनिवर्सिटी की टीम ने संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाते हुए 7 गेंदें शेष रहते 3 विकेट से जीत दर्ज कर ली। आखिरी ओवरों में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया था और दर्शकों की सांसें थमी हुई थीं, लेकिन अंततः महर्षि यूनिवर्सिटी ने शानदार जीत अपने नाम की।
मुकाबले में महर्षि यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी मोहित ने 54 रनों की शानदार पारी खेली और साथ ही एक महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किया। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनिंदर सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों टीमों के खेल की सराहना की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के विश्वविद्यालय स्तरीय टूर्नामेंट युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बड़ा मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर महर्षि यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि महर्षि प्रीमियर लीग वर्ष दर वर्ष अपना स्तर ऊंचा कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले सीजन में यह टूर्नामेंट और भी बड़ा रूप लेगा तथा दिल्ली–एनसीआर की 16 के स्थान पर 24 टीमों की भागीदारी के साथ खेला जाएगा।
एमपीएल–सीजन 5 ने न केवल खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि युवाओं में टीमवर्क, नेतृत्व और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा दिया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन के साथ ही अब सभी की निगाहें अगले सीजन पर टिक गई हैं, जो और भी भव्य और विस्तृत होने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *