लखनऊ/औरैया : उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए पुलिस झंडा दिवस खास महत्व रखता है. इस मौके पर सोमवार को डीजीपी राजीव कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुलिस कलर यानी पुलिस ध्वज का प्रतीक चिन्ह लगाया. यह पुलिस विभाग के सम्मान से जुड़ी परंपरा है. इस दिन पुलिसकर्मियों के काम उनके साहस और कठिन परिस्थितियों में निभाई गई जिम्मेदारियों को याद किया जाता है.
पुलिस झंडा दिवस मनाने की शुरुआत आजादी के बाद हुई थी. 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया था. पुलिस विभाग को यह सम्मान उसकी कार्यक्षमता कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में किए गए काम के लिए मिला था. उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था जिसे यह सम्मान दिया गया. इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर साल 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है.
औरैया पुलिस अधीक्षक कार्यालय ककोर परिसर में पलिस झंडा दिवस समारोह. (Photo Credit : ETV Bharat)दो रंगों से बना है पुलिस ध्वज : पुलिस का यह ध्वज दो रंगों से मिलकर बना है. इसमें ऊपर लाल और नीचे नीला रंग होता है. दोनों रंगों के बीच पुलिस का प्रतीक चिन्ह बना रहता है. यह ध्वज पुलिस की पहचान के साथ उसके अनुशासन, साहस और सेवा भावना को दर्शाता है. इस दिन पुलिस कार्यालयों और थानों में ध्वज को सम्मान दिया जाता है. पुलिसकर्मी अपनी वर्दी पर भी इसका प्रतीक चिन्ह लगाते हैं.
बलिदानी पुलिसकर्मियों के सम्मान का दिन : ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है. लोगों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, त्योहारों और बड़े आयोजनों में शांति बनाए रखना भी काम का हिस्सा है. कई बार पुलिसकर्मियों को अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की मदद करते हैं. ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों का बलिदान को भी इस दिन याद किया जाता है. पुलिस झंडा दिवस के जरिए पुलिसकर्मियों को यह संदेश दिया जाता है कि वे जनता के साथ बेहतर व्यवहार करें, पीड़ितों की मदद करें और अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएं.
औरैया में पुलिस अधीक्षक ने बताई ध्वज की गरिमा का महत्व
पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय ककोर परिसर में पुलिस ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का महत्व समझाया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस ध्वज का प्रतीक चिन्ह लगाया. साथ ही उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक की ओर से जारी संदेश को पढ़कर सुनाया.
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि पुलिस ध्वज विभाग के सम्मान, समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है. प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है कि वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करे. आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जरूरतमंदों को न्याय दिलाने के लिए पुलिसकर्मियों को सदैव तत्पर रहना चाहिए.
