शिक्षा के मंदिर पर दुष्प्रचार का हमला, पंचायत ने बताया साजिश

Saiadmin

झूठे वीडियो से बदनाम करने की साजिश नाकाम, प्रधानाध्यापक को ग्रामीणों का मिला खुला समर्थन

लौकही! लौकही प्रखंड अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय रजोड़ा महथोरा के प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार पर विद्यालय परिसर में मांस, मछली एवं मदिरा सेवन किए जाने संबंधी लगाए गए आरोपों को पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सिरे से खारिज करते हुए इसे आपसी रंजिश से प्रेरित बताया है। जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में एक वीडियो वायरल कर प्रधानाध्यापक की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। वीडियो में विद्यालय परिसर में कथित रूप से अनुचित गतिविधियों का आरोप लगाया गया था। हालांकि पंचायत के मुखिया सहित कई ग्रामीणों ने सार्वजनिक रूप से इन आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत करार दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि रंजीत कुमार जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित शिक्षक रहे हैं और उनके पदभार संभालने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बच्चों की उपस्थिति बढ़ी है, पठन-पाठन नियमित हुआ है तथा मध्यान भोजन योजना का संचालन पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से हो रहा है। पंचायत के मुखिया ने कहा कि “एक स्वच्छ छवि के शिक्षक पर इस प्रकार के गंभीर आरोप लगाकर वीडियो वायरल करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास भी है।” उन्होंने दोषी व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।
वहीं प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने सदैव सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विद्यालय संचालन किया है। उन्होंने कहा, “विद्यालय के विकास और बच्चों के भविष्य के लिए जो भी कार्य किए गए हैं, उसका आकलन अभिभावक एवं ग्रामीण स्वयं कर सकते हैं। हमारा उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।” उन्होंने यह भी कहा कि समाज में कुछ असामाजिक तत्व ऐसे होते हैं, जो व्यक्तिगत द्वेषवश झूठे आरोप लगाकर शिक्षकों को प्रताड़ित करने का प्रयास करते हैं। फिलहाल स्थानीय लोग झूठा वीडियो वायरल करने वाले के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि शिक्षण संस्थान की गरिमा अक्षुण्ण रह सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *