बलिया: यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश ने फिर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है. बलिया पहुंचने पर उन्होंने एमएलसी चुनाव परिणाम पर कहा कि जिन सीटों पर सपा जीती है, वहां तोप खड़ा कर दिया क्या? उन्होंने यह भी कहा कि मुसलमानों की स्थिति पर मौलवी, मौलाना और मदनी क्यों बात नहीं करते हैं.
बलिया पहुंचे यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने यूपी एमएलसी चुनाव के नतीजे को लेकर कहा कि यह पढ़े-लिखे लोगों का जनादेश है. यह आम जनता का वोट नहीं है. जिन सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत हुई उस पर कहा कि कौन सा तोप खड़ा कर लिया है. कहा कि एमएलसी चुनाव कोई सेमीफाइनल चुनाव नहीं है.
आप देखिएगा विधानसभा चुनाव में यही पढ़े-लिखे लोग बूथ पर वोट देने नहीं जाएंगे. आम मतदाता ही बूथ पर दिखेगा. यही देश और प्रदेश का इतिहास है. वाराणसी में सपा की जीत पर कहा कि बनारस में भी बीजेपी को वोट मिला है.
वोट का रेशियो देखिए, जीतने-हारने का अंतर देखिए. जो भाजपा को पसंद करते हैं, वह भाजपा को और जो समाजवादी पार्टी को पसंद करते हैं उन्होंने सपा को वोट दिया.
मुसलमानों की स्थिति पर राजभर ने कहा कि मौलवी, मौलाना लोग मुसलमान का वोट बोरा का बोरा कांग्रेस और सपा में पहुंचाए. आजादी के बाद नौकरियों में मुसलमान 38 प्रतिशत था. इतना विकास किया कि 01 परसेंट भी मुसलमान नौकरी में नहीं हैं.
मौलवी, मौलाना और मदनी यह लोग जिनकी सरकार बनाते हैं, उसे कहते हैं कि उन्हें हिस्सेदारी दें. एक बार भी मुसलमान के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने की मौलाना, मौलवी और मदनी क्यों बात नहीं करते. यह सब बहकाकर मुसलमान का वोट लेकर के सरकार बनाना चाहते हैं.
अपनी किताब को लेकर सोनिया गांधी के बयान पर ओपी राजभर ने कहा कि 60 साल तक कांग्रेस में शासन किया और पिछड़ों, दलितों, मुसलमानों का अधिकार लूटा. अब क्या लूटने की तैयारी हो रही है.
आजाद भारत है, कोई भी अपनी पुस्तक लिखे और प्रकाशित कर सकता है. टाटा संस को लेकर राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ रहते हैं. उनके बयान को कोई नोटिस नहीं लेता.
